चंडीगढ़। पीजीआई में पुलिसकर्मी की ओर से सुरक्षाकर्मी की पिटाई के मामले में एफआईआर दर्ज न होने के विरोध में शुक्रवार को संस्थान के कर्मचारी संघों ने निदेशक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। अलग-अलग कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर चंडीगढ़ पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपी पुलिसकर्मी पर एफआईआर दर्ज नहीं की तो वे हड़ताल करेंगे। वहीं, पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। पीजीआई के कर्मचारियों का कहना है कि संस्थान में खुलेआम सुरक्षाकर्मी को पुलिस वाला पीट रहा है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कैसे किया जा सकता है। पीजीआई रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन और फैकेल्टी एसोसिएशन ने भी कर्मचारियों को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा है कि वह कर्मचारियों की मांग में उनके साथ हैं। सुरक्षा के मामले में वह किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं करेंगे। बता दें कि पीजीआई परिसर में 2 दिन पहले एक पुलिसकर्मी ने सुरक्षाकर्मी को पीटा था। इसके बाद सुरक्षाकर्मी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करना पड़ा था। मामले के विरोध में पीजीआई के कर्मचारी लगातार आरोपी पुलिस वाले पर एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं लेकिन उसमें लगातार अनदेखी की जा रही है। वहीं, पीजीआई प्रशासन का कहना है कि एफआईआर करवाने के लिए वे लगातार पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क में हैं अगर जल्द ही एफआईआर नहीं हुई तो वे अदालत का सहारा लेंगे।