विधायक आवास के पास पुलिस ने लगाए बैरीकेट्स
- फोटो : अमर उजाला
घटना के 17 दिन बाद भी जसपाल सिंह का शव बरामद नहीं हो पाया है, जिसके रोष स्वरूप एक्शन कमेटी की ओर से विधायक आवास के बाहर रोष प्रदर्शन करने की घोषणा की गई थी। इसके तहत सबसे पहले मिनी सचिवालय में रोष रैली का आयोजन किया गया और इसके बाद यह काफिला रोष मार्च के रूप में शहर के बाजारों से होते हुए कोटकपूरा रोड स्थित विधायक आवास पर पहुंचा।
इस दौरान एक्शन कमेटी के प्रमुख नेताओं राजिंदर सिंह, कुलदीप शर्मा, बूटा सिंह,गुरदयाल सिंह भट्टी, शविंदर संधू, अशोक कौशल, कर्णदीप सिंह ने कहा कि जसपाल सिंह की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को शव सौंपने, आरोपी पुलिस अधिकारियों पर हत्या का केस दर्ज करने व केस की न्यायिक जांच की मांग को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा है और इंसाफ मिलने तक जारी रखा जाएगा।
विधायक की भूमिका ठीक नहीं: एक्शन कमेटी
एक्शन कमेटी के नेताओं ने कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस केस में पहले दिन से ही विधायक की भूमिका सही नहीं रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार की कोई सुध नहीं ली।
विधायक आवास के बाहर रोष प्रदर्शन के खत्म होने के बाद पंजाबी मां बोली सत्कार कमेटी के प्रधान लक्खा सिधाना की अगुवाई में पीड़ित परिवार ने कोटकपूरा रोड पर नहरों के पास आधे घंटे के लिए चक्का जाम किया। एसपी भूपिंदर सिंह ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खत्म करवाया।