चंडीगढ़। किसान आंदोलन के समर्थन में चंडीगढ़ के लोग भी शामिल हो रहे हैं। किसानों के आह्वान पर छह फरवरी को किसानों के चक्का जाम के लिए पेंडू संघर्ष कमेटी ने तैयारी की है। पंजाब के बार्डर एरिया पर नजदीकी गांव के लोग पहुंचेंगे।
पेंडू संघर्ष कमेटी के महासचिव गुरप्रीत सिंह सोमल ने बताया कि मुल्लांपुर बैरियर, सोहाना और जीरकपुर बैरियर पर खड़े होंगे। छह फरवरी को दोपहर 12 से दोपहर तीन बजे तक आंदोलन होगा। तीन घंटे के प्रदर्शन के बाद शाम पांच बजे से चौक और लाइट प्वाइंट पर भी खड़े होंगे। वहीं नौजवान किसान एकता के सदस्यों की ओर से चंडीगढ़ के सभी चौक और लाइट प्वाइंट पर किसानों के समर्थन में किसानी झंडे लेकर दो घंटे खड़े होंगे।
नौजवान किसान एकता के नेता कृपाल सिंह और प्रतीक मान ने बताया कि शहर के सभी 82 चौक और लाइट प्वाइंट पर कम से कम दस दस कार्यकर्ता खड़े होंगे। शाम सात बजे सभी लोग किसान आंदोलन में शहीद हुए लोगों को मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि नौजवान किसान एकता नेआंदोलन के लिए एक नारा ‘प्रत्येक लाइट प्रत्येक चौक, किसानों के साथ खड़ेंगे लोक’ भी दिया है।
हरमोहन धवन ने की अपील- किसानों के समर्थन में सेक्टर-22 में पहुंचे लोग
पूर्व केंद्रीय मंत्री और चंडीगढ़ विकास मंच के चेयरमैन हरमोहन धवन भी किसानों के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने शहर के लोगों से अपील की है कि सभी लोग सेक्टर-22 के किरण सिनेमा के पास पहुंचे। छह फरवरी को दोपहर बारह से दोपहर बाद तीन बजे तक धरना प्रदर्शन होगा। उन्होंने शहर के लोगों से अपील की है कि घर में बैठने के बजाय देश के अन्नदाता के साथ खड़े होकर अन्याय के खिलाफ उतरें।