जीरकपुर। मंदिर सबका सांझा होता जहां कोई भी व्यक्ति किसी भी समय माथा टेक सकता है लेकिन लोहगढ़ में स्थित शीतला माता मंदिर में रोजाना दो घंटे सुबह और दो घंटे शाम को खुलता है। इसे लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है कि पूर्व विधायक ने वहां एक पंडित छोड़ा हुआ है और उनके कहने पर ही मंदिर खोलता व बंद करता है जबकि यह मंदिर पूरे गांव का है और सबके लिए खुला होना चाहिए। गांव निवासी राम सरन, टिंकू मलिक, विजय, बीर सिंह, अवतार सिंह, गुरमुख सिंह व स्वर्ण सिंह ने बताया कि मंदिर सांझा होता है और कोई भी व्यक्ति किसी भी समय माथा टेक सकता है। वहीं यहां ताला लगा होने के कारण यहां माथा टेकने में परेशानी हो रही है। बहुत सारे लोग अपने काम काज की वजह से लेट हो जाते हैं और जब काम से फ्री होकर माथा टेकने आते हैं तो यहां ताला लगा देख या तो परेशान होकर लौट जाते हैं। या फिर उन्हें दीवार फांदकर अंदर जाना पड़ता है।
दीवार फांदते बच्चे की टूट गई थी टांग
लोगों ने बताया कि पिछले दिनों दीवार फांदकर अंदर जाने के चक्कर में एक बच्चे की टांग टूट गई थी। लोगों ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक एन के शर्मा ने यह मंदिर अपने कब्जे में लिया हुआ है। पहले यहां कोई ताला नहीं होता था और लोग जिस समय चाहते थे माथा टेक लेते थे। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मंदिर का ताला न खोला गया तो वह इसकी शिकायत परिषद अधिकारी से करेंगे।
कोट्स
मंदिर में पंडित एनके शर्मा द्वारा ही रखवाया गया है जोकि सबके लिए है न कि किसी खास व्यक्ति के के लिए। बाकी मंदिर का गेट किसी मर्यादा की वजह से बंद होता है। हर समय दरवाजा खुला रखना भी उनका निरादर है। सुबह व शाम दोनों टाइम मंदिर खोला जाता है। बाकी यदि लोगों को आपत्ति है तो एनके शर्मा से बात कर वह भी खुलवाया दिया जाएगा। -दिनेश कुमार, पंडित, लोहगढ़ सनातन धर्म मंदिर