पेंशन के लिए लोगों ने डीसी से लगाई गुहार
चार महीने से पेंशन नहीं मिलने पर लोगों ने डीसी से गुहार लगाई है। विकास नगर निवासी समाजसेवी देशराज सानवर ने डीसी को पत्र लिख कहा है कि चंडीगढ़ में हजारों वृद्ध और दिव्यांग लाभार्थी कई महीनों से पेंशन न मिलने के कारण आर्थिक और मानसिक संकट झेल रहे हैं। उन्होंने तुरंत पेंशन जारी करने, आगे से देरी न हो यह सुनिश्चित करने और एक पारदर्शी प्रणाली लागू करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि डीसी ने उनके पत्र को समाज कल्याण विभाग को भेज दिया है।
शहर में पेंशन की स्थिति
पेंशन वर्ग संख्या राशि (रुपये)
दिव्यांग 4650 1000 (0-69 फीसदी) और 2000 (70 फीसदी से ज्यादा)
विधवा 8592 1000 रुपये
वृद्धावस्था 12,192 1000 रुपये
यही पेंशन सहारा है लेकिन नहीं मिल रही
बुढ़ापे में तो यही पेंशन सहारा है। दवा से लेकर खाने तक का खर्च इससे चलता था। अब चार महीने हो गए, न पैसा आया न कोई जवाब। हर बार यही कहा जाता है कि जल्दी आ जाएगी। - शांति देवी (74), रामदरबार निवासी
चार महीने से एक रुपये नहीं आया
पेंशन आता है तो एक सहारा होता है। छोटे मोटे खर्चे चल जाते हैं लेकिन चार महीने से एक रुपये नहीं आया है। संपर्क केंद्र जाओ तो वो विभाग में जाकर पता करने को बोलते हैं। - प्रभाती लाल, रामदरबार निवासी
बताना तो चाहिए कि क्यों नहीं आ रही पेंशन
पेंशन क्यों नहीं आ रही है, ये पता करने के लिए इधर-उधर चक्कर काटने पड़ते हैं। अगर विभाग पेंशन नहीं जारी कर रहा है तो उन्हें बताना तो चाहिए कि पेंशन क्यों नहीं आ रही है। - अरविंद, विकास नगर निवासी
विभाग के पास बजट खत्म हो गया था लेकिन अब नए वित्त वर्ष में बजट आ गया है। मैपिंग की जा रही है। अगले 5-6 दिनों में पेंशन लोगों के खातों में डाल दी जाएगी। - पालिका अरोड़ा, निदेशक, समाज कल्याण विभाग