धान रोपाई पर सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ कांग्रेस हरियाणा आखिरकार सड़क पर उतर गई और डीसी दफ्तर के सामने सांकेतिक धरना दिया। फतेहाबाद के लघुसचिवालय में दिए गए इस धरने की अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा व आल इंडिया कांग्रेस के मीडिया विंग के अध्यक्ष रणदीप सुरजेवाला ने की।
हालांकि इस धरने में सोशल डिस्टेसिंग का पालन बिल्कुल भी नहीं किया गया और धरने में शामिल आधे से ज्यादा लोगों के मुंह पर ढंग से मास्क तक नहीं लगा हुआ था। फिर भी किसानों द्वारा इस मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन करने के बाद अब विपक्ष के तौर पर कांग्रेस ने इस मसले को भुनाने का फैसला किया है। इसी के चलते बुधवार सुबह 11 बजे ही सांकेतिक धरने की सूचना औपचारिक रूप से दी गई और दोपहर में दोनों कांग्रेस नेता फतेहाबाद पहुंच भी गए।
तकरीबन एक घंटे तक डीसी दफ्तर के बाहर धरना देने के बाद कुमारी सैलजा व रणदीप सुरजेवाला ने डीसी नरहरि सिंह बांगड़ को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस धरने में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट के दो पूर्व विधायक प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा व रतिया के पूर्व विधायक जरनैल सिंह ने दूरी बनाए रखी। इस मौके पर कांग्रेस महिला अध्यक्ष कृष्णा पूनियां, विधायक शीशपाल केहरवाला, राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया विंग सचिव विनीत पूनियां, सिरसा के होशियारी लाल शर्मा, विनय शर्मा, कपिल पूनियां, नरेंद्र मग्घर आदि कांग्रेस नेता मौजूद रहे।