चंडीगढ़ में शुरुआती स्लैब 0-150 यूनिट के बीच कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। लोगों को पहले भी 2.75 रुपये प्रति यूनिट खर्च करने पड़ते थे, अभी भी इतने ही लगेंगे। 151 से 400 यूनिट तक पहले 4.25 रुपये देना पड़ता था, अब 4.80 रुपये खर्च करने होंगे।
चंडीगढ़ के लोग एक अप्रैल से बढ़े पानी के दाम का झटका झेल ही रहे थे कि आज से बिजली के दाम भी 16 फीसदी तक बढ़ जाएंगे। 25 जुलाई को ज्वाइंट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (जेईआरसी) ने बिजली के दाम बढ़ाने की मंजूरी दी थी, जो वीरवार से लागू हो जाएंगे।
विज्ञापन
अब घरेलू बिजली के साथ व्यावसायिक और औद्योगिक बिजली भी महंगी हो गई है। शहर में बिजली की सप्लाई प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा की जाती है लेकिन बिजली के दाम घटेंगे या बढ़ेंगे यह जेईआरसी तय करता है। इस बार इंजीनियरिंग विभाग ने 23.35 फीसदी घरेलू बिजली के दाम बढ़ाने की मांग की थी लेकिन 16 फीसदी तक दाम बढ़ाने की मंजूरी मिली थी।
शुरुआती स्लैब 0-150 यूनिट के बीच कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। लोगों को पहले भी 2.75 रुपये प्रति यूनिट खर्च करने पड़ते थे, अभी भी इतने ही लगेंगे। 151 से 400 यूनिट तक पहले 4.25 रुपये देना पड़ता था, अब 4.80 रुपये खर्च करने होंगे। 400 यूनिट से ज्यादा के लिए पहले प्रति यूनिट 4.65 रुपये खर्च करने पड़ते थे, अब 5.40 रुपये खर्च करने होंगे। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी फिक्स चार्ज में हुई है, जिसे 15 रुपये से सीधे 30 रुपये कर दिया गया है। शहर में सबसे ज्यादा बिजली की खपत वाले घर 151 से 400 यूनिट के बीच के होते हैं इसलिए आने वाले दिनों में चंडीगढ़ के अधिकतर घरों का बिजली का बिल बढ़ेगा।
विज्ञापन
व्यावसायिक श्रेणी के पहले दो स्लैब में दामों में बदलाव नहीं हुआ है। 0-150 यूनिट के अभी भी 4.50 रुपये प्रति यूनिट, 151-400 के लिए 4.70 प्रति यूनिट खर्च करने होंगे। 400 यूनिट से ऊपर के लिए पहले 5.00 रुपये प्रति यूनिट की जगह 5.90 रुपये खर्च करने होंगे।