पंचकूला। बलटाना के हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर रेलवे ने परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए ई निविदा आमंत्रित किया है। 28 अप्रैल दोपहर तीन बजे तक इसका टेंडर खुलेगा। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में करीब 4 करोड़ 94 लाख 30 हजार रुपये लगेंगे। इससे स्थानीय लोगों की कुछ उम्मीदें बढ़ी हैं। यूटी प्रशासन ने तेजी दिखाई और समय पर भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो गया तो आने वाले समय में उन्हें रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी फॉर वेलफेयर ऑफ बलटाना रेजिडेंट्स के प्रधान प्रताप सिंह राणा ने बताया कि बुधवार को उपायुक्त विनय प्रताप सिंह से मुलाकात हुई है। उन्होंने बताया कि 5 कनाल नौ मरला भूमि अधिग्रहण को लेकर आगामी बैठक सोमवार को होगी। इसकी अध्यक्षता प्रशासक करेंगे। बैठक में प्रोजेक्ट से जुड़े सारे कागजी कार्रवाई पूरा करने के बाद भूमि अधिग्रहण किया जाएगा।
बीस साल से 35 कॉलोनियों के लोग परेशान
पिछले करीब 23 साल से बलटाना की 35 कॉलोनियों के लोगों को इसी रेलवे फाटक पर खड़े रहकर अपना काफी समय बीताना पड़ता है। क्योंकि अब दो रेलवे ट्रैक बनने के बाद से यहां से गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ जाने से करीब आधे या एक घंटे के बाद यह फाटक 15-20 मिनट के लिए बंद हो जाता है और लोग यहां ट्रैफिक जाम में फंसे रह जाते हैं। वहीं इससे लोगों को बार-बार बारिश और धूप में फाटक पर ही खड़े रहना पड़ता है। बलटाना के हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर बनने वाले आरयूबी के प्रोजेक्ट को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन सुस्ती के कारण पिछले कई साल से प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ पाया था।
31 जनवरी 2020 को अप्रूवल के लिए भेजा
26 जून 2017 को लोगों ने हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर अंडर पास बनाने की मांग राज्यपाल से की थी। इस प्रोजेक्ट ने दो साल बाद 2019 में रफ्तार पकड़ी, जब लोग सड़कों पर उतरे और कई दिनों तक भूख हड़ताल पर बैठकर धरना प्रदर्शन करते रहे। इसके बाद यूटी के प्रशासनिक अधिकारियों ने काम में तेजी की और बलटाना के रेलवे फाटक पर रेलवे अंडर पास बनाने के लिए कवायद शुरू हुई। जब सब कुछ तय हो गया तो यूटी के अधिकारियों ने रेलवे अंडरपास का नक्शा बनाकर अंबाला डीआरएम ऑफिस के इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को बजट के अप्रूवल के लिए 31 जनवरी 2020 को फाइल भेज दी थी।