पंजाब में सरकार बदलते ही जालंधर जिले के 72 पटवारी व 45 कानूनगो की किस्मत भी बदलनी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने पटवारियों व कानूनगो को नए लैपटॉप देने का फैसला किया है। हालांकि 30 अगस्त 2022 के बाद सेवामुक्त होने वाले पटवारी व कानूनगो इससे वंचित रहेंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि राजस्व विभाग के रोजाना के कामकाज में कंप्यूटरीकृत करने और बढ़ावा देने के लिए जिले के सभी पटवारियों व कानूनगो को नए लैपटॉप दिए जा रहे हैं। पटवारियों और कानूनगो को लैपटॉप देने का उद्देश्य उनको फील्ड में रहते हुए काम को उचित ढंग से करने की सुविधा देना है। इस बारे में डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी का कहना है कि माल विभाग के आदेशानुसार नया लैपटॉप खरीदने के लिए हर पटवारी और कानूनगो को अधिकतम 60 हजार रुपये की एकमुश्त रकम दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी को अपना बिल जिला माल अधिकारी के दफ्तर में जमा करवाना होगा। बिल में दर्ज रकम उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित अधिकारी को 300 रुपये प्रति महीना इंटरनेट खर्च के तौर पर भी अदा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए उनको डोंगल खरीदना पड़ेगा।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि विभाग की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पटवारियों और कानूनगो को आई-5 प्रोसेसर 11वीं जेनरेशन, विंडोज 10 प्रोफेशनल और इससे अधिक, 8 जीबी रैम, 512 जीबी एसएसडी, ओईएम वारंटी 3 साल प्लस 2 साल एएमसी जैसी संरचना वाला लैपटॉप खरीदना होगा।
उन्होंने पटवारी और कानूनगो के कामकाज को और डिजिटल करने की दिशा में इस निर्णय को क्रांतिकारी बताया। थोरी ने सभी योग्य अधिकारियों को तुरंत नए लैपटॉप खरीदने और भुगतान की जल्द अदायगी के लिए बिल डीआरओ दफ्तर में जमा करवाने के लिए कहा है।