ग्राउंड रिपोर्ट
मदर एंड चाइल्ड और न्यूरो साइंस सेंटर के बाहर सड़कों पर वाहनों का कब्जा, मरीजों की राह मुश्किल
गोल मार्केट की जन औषधि और अमृत फार्मेसी तक पहुंचना भी चुनौती, मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने का इंतजार
11 हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता, रोजाना पहुंच रहे 25 से 26 हजार वाहन गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों की बढ़ी परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पीजीआई में इलाज के लिए आने वाले मरीजों की मुश्किलें बीमारी तक सीमित नहीं हैं। अब उन्हें अस्पताल परिसर में ट्रैफिक जाम, पार्किंग की किल्लत और वाहन टो होने की परेशानी से भी जूझना पड़ रहा है। मदर एंड चाइल्ड सेंटर और न्यूरो साइंस सेंटर के बाहर हालात ऐसे हैं कि सड़कें पार्किंग स्थल बन गई हैं। बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण मरीजों और तीमारदारों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, गंभीर मरीजों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।
पार्किंग की समस्या का असर गोल मार्केट स्थित जन औषधि केंद्र और अमृत फार्मेसी तक भी पहुंच रहा है। मरीजों को दवाएं खरीदने के लिए इन दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। जबकि मदर एंड चाइल्ड और न्यूरो साइंस सेंटर में आने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही गोल मार्केट में जन औषधि और अमृत फार्मेसी की दुकानें अलॉट की गई हैं। यहां तक पहुंचने के लिए रास्ता भी खोला गया है, लेकिन सड़क पर वाहनों की भीड़ के कारण मरीजों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा। वहीं, पीजीआई प्रशासन की ओर से मल्टीलेवल पार्किंग कब शुरू होगी, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।
सड़क पर वाहन, मरीजों के लिए रास्ता नहीं
मदर एंड चाइल्ड सेंटर और न्यूरो साइंस सेंटर में रोजाना हजारों मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से सड़क किनारे और रास्तों में वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे सेंटर तक पहुंचने और वहां से बाहर निकलने में भी दिक्कत होती है।
मरीज बोले- काफी देर जाम में रहना पड़ता हैै फंसा
लुधियाना से आए दविंदर कुमार ने बताया कि सड़क के किनारे और रास्तों में वाहन खड़े होने से सेंटर तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। वहीं, सेक्टर-45 के दीपक सिंह का कहना है कि मरीज को लेकर आने पर जाम में काफी देर तक फंसे रहना पड़ता है। दवा लेने के लिए गोल मार्केट जाना भी आसान नहीं है। एक बुजुर्ग मरीज आलोक सिंह के परिजन ने बताया कि चलने-फिरने में परेशानी होने के बावजूद उन्हें जाम और बेतरतीब खड़े वाहनों के बीच से रास्ता बनाकर फार्मेसी तक पहुंचना पड़ता है।
पीजीआई में करीब 11 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है, जबकि प्रतिदिन 25 से 26 हजार वाहन पार्क हो रहे हैं। पार्किंग क्षमता से दोगुने से अधिक वाहनों का दबाव होने के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
वाहन टो होने पर 500 रुपये जुर्माना
पीजीआई में गलत जगह खड़े वाहनों को पार्किंग कर्मचारी टो कर रहे हैं। वाहन मालिकों को इसे छुड़ाने के लिए 500 रुपये जुर्माना देना पड़ रहा है। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि इलाज के लिए आने के दौरान पार्किंग की परेशानी के साथ वाहन टो होने का डर भी बना रहता है। पार्किंग संचालक अभिषेक दुबे का कहना है कि पीजीआई में संचालित पार्किंग के बाहर गलत तरीके से खड़े वाहनों को टो करने और रास्ता साफ रखने की व्यवस्था टेंडर में शामिल है। यदि पीजीआई प्रशासन लिखित आदेश जारी करता है कि गलत तरीके से खड़े वाहनों को टो नहीं करना है तो वे इस प्रक्रिया को बंद कर देंगे।
बॉक्स
जिम्मेदार अधिकारियों ने नहीं दिया जवाब
मामले को लेकर पीजीआई निदेशक प्रो. विवेक लाल और डीडीए पंकज राय से भी संपर्क किया गया लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।