चंडीगढ़। पीजीआई में भर्ती मरीज ठंड के बीच रहने को मजबूर हैं। अस्पताल के वार्डों में लगाए गए रूम हीटरों को अब तक बिजली का कनेक्शन नहीं मिला है। सिर्फ दिखावे के लिए रूम हीटर लटक रहे हैं। यहां भर्ती मरीज ठंड से परेशान हैं। उधर, इस बारे में पूछे जाने पर जवाब मिल रहा है कि सुरक्षा की दृष्टि से ऐसा किया गया है जबकि इससे लापरवाही और अनदेखी का रवैया सामने आ रहा है।
घर से लाकर लगाया ब्लोअर
पीजीआई नेहरू अस्पताल के गाइनी वार्ड में भर्ती प्रसूताओं को ठंड से बचाने के लिए कंबल तक नहीं दिया जा रहा। एक-एक प्रसूता के परिजन दो से तीन कंबल घर से लाए हैं। इससे भी ठंड पर काबू न होने की स्थिति में परिजनों को ब्लोअर और हीटर भी घर से लाना पड़ रहा है। एक प्रसूता के परिजन ने बताया कि कुछ भी कहने पर निजी अस्पताल में जाने की बात सुना दी जाती है। इसलिए हमें जिस चीज की जरूरत होती है बिना किसी से कहे खरीदकर या घर से ले आते हैं।
बॉक्स
स्ट्रेचर पर भर्ती मरीजों की स्थिति और खराब
वहीं दूसरी तरफ अस्पताल के ट्रामा और इमरजेंसी में स्ट्रेचर पर भर्ती मरीजों की स्थिति और खराब है। उन्हें कड़ाके की ठंड के बीच स्ट्रेचर पर रात गुजारनी पड़ रही है। हीटर और ब्लोअर तो दूर उन्हें स्ट्रेचर पर बिछाने के लिए चादर तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
कोट
वार्ड में ठंड से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है अगर कहीं पर व्यवस्था में कोई कमी है तो उसे चेक कर दुरुस्त करवा लिया जाएगा।
कुमार गौरव, डीडीए व पीजीआई प्रवक्ता