चंडीगढ़। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने पठानकोट के फरीदनगर निवासी रखिल शर्मा (28) को एक पिस्टल और सात कारतूस के साथ गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है। यह मामला थाने के हवलदार सुधीर कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता पुलिस स्टाफ समेत सेक्टर-26 के एक क्लब के पीछे वाटर वर्क्स के पास सीसीईटी पर नाका ड्यूटी पर था। इसी दौरान देर रात 1.20 बजे शक के आधार पर युवक को रोककर तलाशी ली तो एक पिस्टल और सात कारतूस मिले। उसके पास पिस्टल का लाइसेंस और परमिट नहीं था। जांच में सामने आया कि पिस्टल उसके पठानकोट के रहने वाले एक दोस्त की है। अपने दोस्त के साथ वह बलौंगी के एक होटल में रुका हुआ था। उसकी जानकारी के बिना वह पिस्टल और कारतूस लेकर चंडीगढ़ आ गया। थाना पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी अपने पास पिस्टल क्यों लाया था। आरोपी पठानकोट की जिला अदालत में कार्यरत है।