कानवां पुलिस ने पशुओं से भरे एक कैंटर के साथ लोगों को काबू किया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कैंटर में पांच गायों समेत सात पशु लादे गए थे।
डीएसपी रूरल प्रभजोत सिंह विर्क ने बताया कि मलिकपुर चौक पर कानवां पुलिस थाने के एसएचओ रविंद्र सिंह के नेतृत्व में एएसआई गुरिंद्र पाल सिंह ने नाका लगाया हुआ था। नाके पर उन्हें पशु तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी।
इसी दौरान जालंधर की ओर से एक कैंटर नाके की ओर पहुंचा। पड़ताल करने पर कैंटर से पांच गायों समेत सात पशु बरामद किए गए। उसमें सवार लोगों से पूछताछ करने पर वे कोई संतोष जनक जवाब नहीं दे पाए। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उनकी पहचान जालंधर के भोगपुर निवासी बलजीत सिंह और जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के गांव बचरू निवासी अब्दुल हमीद मीर के रूप में हुई है।
डीएसपी ने बताया कि उक्त पशुओं को श्रीनगर ले जाया जा रहा था। अब्दुल मीर पहले भी चार बार तस्करी कर चुका है।