पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में अगर सरकार चाहती तो हमें इंसाफ मिलने में देर न होती लेकिन सरकार मामले में पूरी तरह फेल है। यह बात सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह व माता चरणकौर ने रविवार को गांव मूसा में अपने निवास स्थान पर सिद्धू के प्रशंसकों से कही। उन्होंने कहा कि हमें सरकार से अब बिल्कुल भी उम्मीद नहीं है, क्योंकि सरकार ने अब तक ये भी नहीं बताया कि सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा क्यों वापस ली गई, उलटा सरकार ने सुरक्षा वापस लेने वालों को बड़े पदों पर बैठाया है।
माता-पिता ने कहा कि अब वह चंद दिन और प्रतीक्षा करेंगे। इसके बाद अपने बेटे की हत्या का हिसाब लेने के लिए सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ गायक व संगीत जगत से जुड़े लोग सिद्धू के कत्ल पर झूठी हमदर्दी दिखा रहे हैं लेकिन सिद्धू को परेशान करने में इनका बड़ा हाथ रहा है। उन्होंने कहा कि जब सिद्धू कोई गाना निकालता था तो ये लोग उसकी टांग खींचते थे, उन्हें अंदर से जलन होती थी।
अब वह इंसाफ लेकर रहेंगे, सिद्धू के लिए झूठी हमदर्दी दिखाने वालों की उन्हें कोई जरूरत नहीं है। वह खुद सिद्धू के प्रशंसकों के सहारे सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन पर राजनीति करने का आरोप लगाकर कह रहे हैं कि वह सिद्धू की मौत पर मशहूर होना चाहते हैं लेकिन लोगों को ऐसी बात करने में शर्म आनी चाहिए, क्योंकि अब उन्हें राजनीति नहीं अपने बेटे की मौत के लिए इंसाफ लेना है।
मूसेवाला की याद में बनेगा पुस्तकालय
फतेहगढ़ साहिब के सांसद डॉ. अमर सिंह ने गांव मूसा में सिद्धू की याद में बनने वाले पुस्तकालय के लिए अपनी सांसद निधि से 20 लाख रुपये दिए हैं। अमर सिंह ने यह पत्र पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को पंचायत के नाम पर सौंपा है। सांसद डॉ. अमर सिंह ने कहा कि मैंने अपनी सांसद निधि फंड से 20 लाख रुपये मंजूर किए हैं। पंजाब प्रधान राजा वड़िंग की मौजूदगी में सिद्धू मूसेवाला के पिता को मंजूरी पत्र सौंपा है। सिद्धू मूसेवाला हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।