निफ्टेम और महिला एवं बाल विकास विभाग में हुआ समझौता
चंडीगढ़। बच्चों की पोषण स्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से पंचकूला के गांव पपलोहा और कैथल के कलायत में पंजीरी प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इन प्लांटों को स्थापित करने में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) महिला एवं बाल विकास विभाग को विशेष मदद उपलब्ध करवाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अगले एक साल में इन दोनों प्लांट्स में कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए निफ्टेम और बाल विकास विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। विभाग की आयुक्त अमनीत पी.कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से छह से 18 माह तक के बच्चों को फोर्टिफाइड पंजीरी भी उपलब्ध करा रहा है। लाभार्थियों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए नए पंजीरी प्लांट का निर्माण आवश्यक है। यह साझेदारी हरियाणा में महिलाओं और बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार लाने में काफी मददगार साबित होगी। निफ्टेम के फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी की विभागाध्यक्ष डॉ. कोमल चौहान ने कहा कि निफ्टेम पंजीरी प्लांट को सुदृढ़ तरीके से जल्द ही शुरू करने के लिए उच्च तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।