चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी इन दिनों अपने ही विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने में लगी है। यह लापरवाही विद्याथियों पर भारी पड़ रही है। कहीं बच्चों के हाथ से नौकरी के ऑफर लेटर निकल रहे हैं वहीं खुद पीयू उन्हें अगली कक्षाओं में दाखिला नहीं दे रही है।
क्या है मामला
पंजाब यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों और पीयू के विभागों की परीक्षा का आयोजन और उसका परिणाम पीयू की तरफ से जारी किया जाता है। इस बार कोविड के कारण लॉकडाउन लगने के कारण अंतिम सेमेस्टर में रि-अपीयर वाले विद्यार्थियों को मिलने वाले गोल्डन चांस परीक्षा का पीयू ने आयोजन ही नहीं किया। वहीं जिन विद्यार्थियों ने पिछले सेमेस्टर में रि-अपीयर की परीक्षा पास की थी, उनका परीक्षा परिणाम भी उन्हें नहीं जारी किया जा रहा है।
जिन विद्यार्थियों ने अंक बढ़ाने के लिए दोबारा कॉपी जांच ( रि-इवेल्यूएशन) के लिए आवेदन किया था, उन्हें भी पीयू की तरफ से मार्कशीट नहीं दी जा रही है। इस कारण अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम नहीं दिखा पाने के कारण कहीं दाखिला नहीं मिल पाया। जिन विद्यार्थियों को अंतिम सेमेस्टर में नौकरी मिली थी, उन्हें भी डिग्री नहीं दिखा पाने के कारण कंपनी ने निकाल दिया है।
डिग्री नहीं दिखा पाने के कारण कंपनी ने निकाला
आठवें सेमेस्टर के दौरान मोहाली की एक निजी कंपनी में मेरी नौकरी लग गई थी लेकिन एक विषय में रि-अपीयर का परीक्षा परिणाम लंबित था। कंपनी ने मुझे कई बार मौका दिया और डिग्री दिखाने के लिए बोला। मैंने पीयू के अधिकारियों से कई बार बातचीत की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद थोड़े समय पहले ही कंपनी ने मेरा ऑफर लेटर रद्द कर दिया। मैंने दूसरी कंपनी में भी आवेदन करने की कोशिश की है, लेकिन हर जगह डिग्री का प्रूफ मांगा जा रहा है। - अंशुल, बीटेक, पीयू
10 हजार लेट फीस के साथ दाखिले का मौका भी हाथ से निकला
मैंने पीयू के ही अर्थशास्त्र विभाग से बीए की है। मेरी चौथे सेमेस्टर के एक विषय में रि-अपीयर थी, जिसकी परीक्षा मैंने छठे सेमेस्टर में दी। अंक कम होने के कारण मैंने दोबारा कॉपी जांच के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब मुझे मेरा परीक्षा परिणाम नहीं मिल रहा है। फाजिल्का के एक कॉलेज ने दस हजार लेट फीस के साथ मुझे मौका भी दिया, जिसके बाद मैंने एडमिन ब्लॉक और अपने विभाग में अधिकारियों से बात की, लेकिन कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। मैंने चंडीगढ़ में दो निजी कंपनी में नौकरी के लिए भी आवेदन किया था, लेकिन वो भी डिग्री की मांग कर रहे हैं। - रॉबिन, बीए, पीयू
परीक्षा परिणाम नहीं होने के कारण पीयू ने ही नहीं दिया दाखिला
मैंने डीएवी कॉलेज -10 से बीएससी मेडिकल की है। मेरी पहले सेमेस्टर में रि-अपीयर थी, जो क्लियर नहीं हुई थी। पीयू की तरफ से अंतिम वर्ष में विद्यार्थियों को रि-अपीयर पास करने के लिए गोल्डन चांस देकर उनकी परीक्षा ली जाती है लेकिन पीयू परीक्षा का आयोजन ही नहीं कर रहा है। मैंने पीजी के लिए पीयू में ही आवेदन किया था, लेकिन परीक्षा परिणाम लंबित होने के कारण मुझे दाखिला ही नहीं मिला। अब कॉलेजों में दाखिलों की तारीख भी निकल चुकी है। - सुप्रीत कौर, बीएससी, डीएवी कॉलेज, सेक्टर- 10
रि-इवेल्यूएशन के कारण डिग्री अटकी
मेरे एलएलबी के सारे सेमेस्टर पास हैं। मैंने एक विषय मे अंक बढ़ाने के लिए दोबारा कॉपी जांच के लिए आवेदन किया था। पीयू की तरफ से अब तक इसका परिणाम नहीं निकाला जा रहा है। इस कारण मुझे डिग्री नहीं मिल रही है। बिना डिग्री के आगे दाखिला लेने और नौकरी के लिए आवेदन करने में समस्या आ रही है। - रजत नैन, एलएलबी, पीयू
इस बार रि-अपीयर की परीक्षा नहीं ली जाएगी। इन विद्यार्थियों को भी प्रमोट किया जाएगा। सामान्य परीक्षा परिणाम की घोषणा के बाद ही रि-अपीयर वाले विद्यार्थियों को परिणाम बता दिए जाएंगे। - रेणुका सालवन, डीपीआरओ, पीयू