पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में इस बार इतिहास रचा गया है। पहली बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाते हुए छात्र राजनीति में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। एबीवीपी उम्मीदवार गौरव वीर सोहल ने 3148 मत हासिल कर भारी अंतर से जीत दर्ज की।
गौरव वीर सोहल ने स्टूडेंट फ्रंट के सुमित शर्मा को 488 वोटों से हराया। उपाध्यक्ष पद पर सत्थ के अशमीत सिंह, सचिव पद पर सोपू के गुरनूर ग्रुप से अभिषेक डागर और संयुक्त सचिव पद पर आजाद उम्मीदवार मोहित मंडेरा ने बाजी मारी। जीत के बाद स्टूडेंट्स सेंटर पर एबीवीपी समर्थकों ने जश्न मनाया और नारों से माहौल गूंज उठा।
एनएसयूआई की हार पर राहुल गांधी ने लिया एक्शन
वहीं चुनाव में एनएसयूआई की हार पर राहुल गांधी ने चंडीगढ़ के प्रभारी दिलीप चौधरी की छुट्टी कर दी है।
छात्र हितों की आवाज करेंगे बुलंद
गौरव वीर सोहल और उनकी टीम ने भरोसा दिलाया कि अब संघर्ष सिर्फ चुनावी मंच तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि छात्र हितों की आवाज और बुलंद होगी। एबीवीपी ने साफ किया कि उनकी प्राथमिकताओं में कैंपस में छात्रों के लिए बेहतर प्लेसमेंट उपलब्ध कराना और 24 घंटे डिस्पेंसरी और हॉस्टल शुरू कराना सबसे ऊपर रहेगा। इस जीत ने पीयू छात्र राजनीति के पुराने समीकरण हिला दिए हैं और संकेत दे दिए हैं कि आने वाले समय में कैंपस की राजनीति का चेहरा बदल सकता है।
किसे कितने वोट मिले
गौरव वीर सोहल ने 3148 मत पाकर सभी प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया। स्टूडेंट्स फ्रंट से उनके निकटतम कंपीटिटर सुमित शर्मा को 2660 वोट मिले। एनएसयूआई से प्रभजोत सिंह गिल को 1359, पीएसयू ललकार से जोबनप्रीत सिंह को 198, एएसएपी से मनकीरत सिंह मान को 1184, एएसएफ से नवनीत कौर को 136, सोई से सीरत को 422 और नोटा को 188 वोट मिले।
- उपाध्यक्ष पद के लिए सत्थ से अश्मित सिंह को 3478, ईशा चंदेर को 120, यूएसओ से जतिन कंबोज को 758, एचएसआरए के नवदीप सिंह मील को 2074, एबीवीपी फ्रंट से नवीन कुमार को 2828 और नोटा को 335 वोट पड़े।
- सचिव पद के लिए सोपू के अभिषेक डागर को 3438, जतिन डागर को 160, एएसएपी से कोमलप्रीत कौर को 1735, साहिल जांगड़ा को 531, इनसो के विशेष आनंद ढाका को 2716 और नोटा को 464 वोट पड़े।
- संयुक्त सचिव पद के लिए एचपीएसयू के आर्यन वर्मा को 2820, मोहित मंडेरा को 3138, एचएसआरए के सागर खत्री को 1093, पुसु के आकाशदीप ग्रुप से सिद्धार्थ बूरा को 2074 और नोटा पर 410 लोगों ने वोट किया।
बारिश ने धोए उम्मीदवारों के 7 प्रतिशत वोट
पिछले साल के मुकाबले इस बार बारिश के चलते 7% वोटिंग कम हुई है। पिछले साल 66.5% विद्यार्थियों ने वोट किया था, लेकिन इस बार केवल 59.16% विद्यार्थियों ने वोट किया है। 7% वोट बारिश ने धो दिए जिसके कारण उम्मीदवारों को नुकसान उठाना पड़ा। सुबह 11:00 बजे के बाद किसी को भी विभाग में एंट्री नहीं दी गई। तेज बारिश के चलते पंजाब के विद्यार्थी तो वोट ही नहीं कर पाए। कुछ पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों से समय पर नहीं पहुंच पाए। इससे भी एबीवीपी को फायदा मिला है।