चंडीगढ़। जिसका डर था वही हुआ। आईएसबीटी की सब्जी मंडी में एक आढ़ती कोरोना पॉजिटिव मिला है। पंचकूला का रहने वाला आढ़ती चंडीगढ़ की मंडी में आलू-प्याज का कारोबार करता है। आढ़ती के पॉजिटिव मिलने की खबर से मंडी में दहशत का माहौल है। मंगलवार देर शाम इस मामले में एडवाइजर ने मंडी प्रशासक को तलब कर पूरे इलाके को सील करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि बापूधाम में संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए बीते मई माह में सब्जी मंडी को अस्थायी रूप से सेक्टर-26 से सेक्टर-17 आईएसबीटी में शिफ्ट कर दिया गया था। दो माह तो ठीक से निकल गए लेकिन एक आढ़ती के संक्रमित होने से मंडी में दहशत फैल गई है। रिपोर्ट आने के बाद आढ़ती का पंचकूला के एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मार्केट कमेटी के सचिव जरनैल सिंह मावी के साथ मंडी प्रशासक नाजुक कुमार ने इसको लेकर चर्चा भी की है। जानकारी के अनुसार, एडवाइजर मनोज परिदा ने मंडी प्रशासक को तलब कर तत्काल प्रभावित एरिया को सील करने की हिदायत दी है।
भाई की रिपोर्ट निगेटिव
राहत की बात यह है कि आढ़ती के भाई की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि उसे एहतियातन होम क्वारंटीन कर दिया गया है। दोनों भाई एक साथ आईएसबीटी मंडी में कारोबार करते हैं। पिछले पांच दिनों से दोनों भाइयों की आढ़त बंद है। बता दें कि सब्जी मंडी में 158 लाइसेंसियों के अतिरिक्त प्रतिदिन ट्राइसिटी में 3000 लोग खरीद फरोख्त के लिए पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। बता दें कि हाल ही में मंडी में रोक के बाद भी सब्जियों और फलों की फुटकर बिक्री की जा रही थी, जिस पर रोक लगा दी गई है।