हरियाणा में पंचायत चुनाव की घोषणा इसी सप्ताह संभव है। प्रदेश सरकार और राज्य चुनाव आयोग चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
चुनाव आयोग शुक्रवार से पहले चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर देगा। इसी कड़ी में सरकार ने सोमवार को पुलिस और प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है।
पंचायती राज अधिनियम में संशोधन के बाद राज्य निर्वाचन आयोग को प्रदेश सरकार की ओर से स्वीकृति पहले ही मिल गई है। चुनाव संबंधी तमाम पहलुओं पर गौर करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से शेड्यूल जारी कर दिए जाएंगे। पहले की तरह इस बार भी चरणबद्ध तरीके से तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे।
राज्य चुनाव आयुक्त राजीव शर्मा ने भी इस बात के संकेत दिए हैं। लिहाजा, पढ़े-लिखे पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सरकार चुनाव करवाने को तैयार है।
74 पुलिस इंस्पेक्टर इधर से उधर
हरियाणा में गांव की सरकार बनने से पहले प्रदेश सरकार ने पुलिस में जिला स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किए हैं। सरकार ने 74 पुलिस इंस्पेक्टरों के तबादले किए हैं। माना जा रहा था कि पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस में फेरबदल जरूरी थी।