मोहाली। पंचायत समितियों की चुनावी तैयारियों का जिला प्रशासन ने शुक्रवार विस्तृत समीक्षा की। जिला चुनाव पर्यवेक्षक अमृत सिंह ने खरड़, माजरी और डेराबस्सी पंचायत समितियों में 14 दिसंबर को होने वाले मतदान की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 306 बूथों पर मतदान होगा, जबकि गिनती 17 दिसंबर को की जाएगी। खरड़ और माजरी की मतगणना सरकारी बहु-तकनीकी कॉलेज, खूनीमाजरा, और डेराबस्सी की गिनती सरकारी कॉलेज, डेराबस्सी में होगी।
मतगणना से पहले माइक्रो ऑब्जर्वर्स की ट्रेनिंग और रैंडमाइजेशन भी किया जाएगा। हर केंद्र पर 14 गिनती टेबल लगाए जाएंगे। जिला चुनाव अधिकारी–कम–डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि अंतिम ट्रेनिंग के बाद कल 306 पोलिंग पार्टियों को संबंधित स्थानों से रवाना किया जाएगा। मतदान के लिए आवश्यक सभी सामग्री तैयार कर कीटों में पैक की जा चुकी है तथा परिवहन व्यवस्था भी सुनिश्चित कर दी गई है। एडीसी–कम–सह जिला चुनाव अधिकारी सोनम चौधरी ने बताया कि जिले में 2,12,848 मतदाता 14 दिसंबर को मतदान करेंगे। सभी बूथों पर सुविधाएं और सीसीटीवी कैमरे पहले से स्थापित हैं।
सुरक्षा को लेकर एसपी (हेडक्वार्टर) मोहित अग्रवाल ने कहा कि 306 में से 57 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा। एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को क्षेत्रवार नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था भंग करने या मतदाताओं को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा।