नए साल का आगाज होते ही नया वार करते हुए पाकिस्तान ने भारत के साथ रेल व्यापार करने से इंकार कर दिया। तीन घंटे तक अटारी रेलवे स्टेशन पर भारतीय इंजन आखिरकार अमृतसर बैरंग लौट आया। साल के पहले दिन रविवार को भारत से 35 बोगियां पाकिस्तान जानी थी और वहां 35 बोगियां आनी थी। भारतीय इंजन पाकिस्तानी मालगाड़ी लाने के लिए सुबह 11.40 बजे पहुंचा।
पाकिस्तान रेलवे ने भारतीय इंजन को करीब तीन घंटे तक इंतजार करने के बाद मालगाड़ी भेजने से इंकार कर दिया। तीन बजकर बीस मिनट पर भारतीय इंजन अटारी रेलवे स्टेशन से अमृतसर लौटा। नववर्ष के पहले दिनों तक दोनों देशों के बीच रेल व्यापार होता रहा है। देशों के रेलवे अधिकारी एक दूसरे देशों को नववर्ष की मुबारकबाद मिठाइयां देकर किया करते थे।
पाक ने नए साल के पहले दिन व्यापार के लिए पहले खुद ही हामी भरी थी, जिसके बाद अटारी रेलवे स्टेशन अधीक्षक एसएस मदान ने अमृतसर रेलवे स्टेशन अधीक्षक अमित गोस्वामी से भारतीय इंजन पाकिस्तान से मालगाड़ी लाने के लिए मंगवाया था। लेकिन पाकिस्तान की ओर से मालगाड़ी न भेजे जाने पर करीब 3 घंटे के बाद इंजन को अमृतसर भेज दिया गया।