अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। धान खरीद सीजन के तहत 21 अक्तूबर तक 4,32,458 किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ मिला है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बताया कि खरीद, लिफ्टिंग और भुगतान की प्रक्रिया पूरी तेजी से जारी है। पटियाला जिले में सबसे अधिक 57,546 किसानों को एमएसपी का लाभ मिला है। वहीं 38,578 किसानों को लाभ मिलने के साथ बाढ़ से प्रभावित तरनतारन जिला दूसरे स्थान पर है और फिरोजपुर 35,501 किसानों के साथ तीसरे स्थान पर है। मंगलवार तक राज्यभर की मंडियों में कुल 58,40,618.72 मीट्रिक टन धान की आमद हुई है। इनमें से 56,04,976.76 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है और इस तरह यह आंकड़ा 95 प्रतिशत बनता है। गौरतलब है कि अब तक 39,85,173.28 मीट्रिक टन धान की लिफ्टिंग हो चुकी है, जो कुल खरीदी गई फसल का लगभग 71 प्रतिशत है।