संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में धान की आमद तेज हो गई है। अमृतसर की सबसे बड़ी अनाज मंडी भगतांवाला में सरकारी एजेंसियों की ओर से खरीदे जा रहे धान की लिफ्टिंग काफी धीमी है। निजी एजेंसियों की ओर से सबसे अधिक धान की खरीद की जा रही है। भगतांवाला मंडी में बुधवार तक कुल बासमती तथा परमल धान 17 लाख 90 हजार क्विंटल धान की आमद हो चुकी है। आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष अमनदीप सिंह छीना ने बताया कि बेमौसमी वर्षा के कारण झाड़ की कमी आई है जिससे 30 पैसे धान उड़ गया है। मंडी सुपरवाइजर परमजीत सिंह ने बताया कि बुधवार तक प्राइवेट कंपनियों ने 15 लाख 67 हजार 534 क्विंटल धान की खरीद की। वहीं पनसप ने 55 हजार 732 में से 38 हजार 173, वेयर हाउस ने साढ़े 91 हजार 545 में से 63 हजार 331 तथा पनग्रेन ने एक लाख दो हजार 480 में से 53 हजार 135 बोरी धान लिफ्ट कर लिया है।