इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र सिर्फ स्टंट होता है। वोट हासिल करने का एक जरिया होता है। कांग्रेस ने कभी भी अपने घोषणा पत्र पर अमल नहीं किया। वैसे भी कांग्रेस के घोषणा पत्र में कोई नहीं बात नहीं होती।
विज्ञापन
इंदिरा गांधी ने गरीबी खत्म करने का नारा दिया था। मगर आज ज्यादा लोग गरीब हो गए हैं। कभी बच्चे स्कूल जाते थे तो 5 पैसे,10 पैसे मिलने पर खुश होते थे। अब कितने ही पैसे दे दो, कुछ आता ही नहीं है।
महंगाई इतनी बढ़ गई है कि कांग्रेस ने तो देश को बर्बाद करके रख दिया है। आजकल राहुल गांधी कभी रिक्शावालों से मिलते हैं तो कभी आदिवासी महिलाओं से मिलते हैं। उन्होंने दस साल पहले क्यों नहीं किया। अब उन्हें कैसे चिंता हो गई? अब राहुल गन्नौर पहुंचे थे तो किसानों को अपनी बात कहने से रोक दिया था।
विज्ञापन
'न टीचर हैं और न शिक्षा, ये कैसा शिक्षा का हब'
कांग्रेस ने घोषणा पत्र में वादा किया था कि हम शिक्षा का हब बनाएंगे। आज स्कूलों में न टीचर हैं और न शिक्षा। आधे से ज्यादा बच्चे फेल हो रहे हैं।
एसवाईएल नहर बनाने का वादा हर घोषणा पत्र में किया जाता है मगर कांग्रेस ने यह नहर नहीं बनाई। कानूनी तौर पर इस नहर को बनाने में कोई अड़चन नहीं है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला था कि पंजाब सरकार इस नहर को बनाए। अगर एक साल के भीतर पंजाब यह नहर न बनाए तो केंद्र इसे अपने खर्च पर बनाए।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से लेकर अब तक केंद्र और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार है। हांसी-बुटाना नहर पर सरकारी धन खर्च कर दिया मगर पानी नहीं चला। यह नहर सिर्फ कमीशन खाने के लिए बनाई गई। यह नहर बनाने से पहले पंजाब, राजस्थान और बीबीएमबी से बात कर लेते। यह नहर जमीन से नीचे बनाई गई जबकि ऐसा नहीं होता है। अगर कभी बरसात ज्यादा हो गई तो अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र जिले डूब जाएंगे।
कांग्रेस ने कोई भी वादा पूरा नहीं किया : भाजपा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने कोई वादा पूरा नहीं किया। इस बजट में भी कांग्रेस सरकार ने कोई विजन नहीं दिया है। इस सरकार की नींव ही बेईमानी और जोड़-तोड़ से पड़ी थी।
कांग्रेस ने हरियाणा की जनता के साथ विश्वासघात किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जब अपने पद की शपथ ली थी, तब वादा किया था कि दो साल के भीतर प्रदेश में 24 घंटे बिजली दी जाएगी।
जब दो साल पूरे हुए तो फिर दो साल बढ़ा दिए। अब नौ साल हो गए हैं मगर जनता को 24 घंटे बिजली नहीं मिली। उद्योग लगाकर लाखों बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था मगर उद्योग ही फेल हो गए। बेरोजगार युवा नौकरी के लिए तड़प रहे हैं।
कांग्रेस का घोषणा पत्र कंप्यूटर का कागज होता है : हजकां
हजकां अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि कांघ्रेस का घोषणा पत्र सिर्फ कंप्यूटर का कागज होता है। कोई वादा पूरा नहीं किया गया। घोषणा पत्र में बड़े-बड़े वादे किए गए थे मगर कहीं पर विकास नजर नहीं आता।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के मामले में बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। स्कूलों की हालत खस्ता है। टीचर नहीं हैं। स्कूलों में एजूसेट खराब पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने रथ यात्रा निकाली थी, तब प्रदेश की हालत जानी थी।
यात्रा के दौरान देखा कि अस्पतालों में डाक्टर नहीं हैं। मरीज धक्के खा रहे हैं। प्रदेश में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। पीने का पानी नहीं मिल रहा है। घोषणाएं पूरी नहीं हुईं, इसलिए लोग मुख्यमंत्री की रैलियों में आक्रोश दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री को तीन स्तरीय सुरक्षा में चलना पड़ रहा है। उद्योग धंधे चौपट होकर रह गए हैं।
आम आदमी पार्टी के हरियाणा चुनाव प्रभारी योगेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र गंभीर नहीं होते हैं। लोगों को लुभाने वाले होते हैं। कांग्रेस के वादों पर हंसी आती है। सरकारी अस्पतालों की स्थिति खराब है। शिक्षा की गुणवत्ता नीचे गिर चुकी है। भ्रष्टाचार में यह सरकार आकंठ डूबी हुई है।
वादे कभी पूरे नहीं किए : बसपा बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश सारन ने कहा कि कांग्रेस कभी भी वादे पूरे नहीं करती। वादे गरीबों के लिए करते हैं, फायदा अमीरों को पहुंचाते हैं। पेट्रोल, डीजल का रेट बढ़ाते रहते हैं, जिसका असर किसान, गरीब व्यक्ति पर पड़ता है। गरीब महंगाई से पिस रहा है। गरीबी दूर करने का वादा किया जाता है मगर गरीबों की संख्या बढ़ रही है।