करीब 56 हजार नाम मतदाता सूची से हुए थे बाहर, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे पात्र मतदाताओं की पहचान
मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक मिलेंगे अधिकारी, नए पंजीकरण के लिए भरना होगा फ
चंडीगढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची से बाहर हुए पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा। चंडीगढ़ में 7 से 11 अक्तूबर तक विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदान केंद्रों पर शिविर लगाकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में मदद करेंगे। एसआईआर के बाद चंडीगढ़ में करीब 56 हजार नाम मतदाता सूची से बाहर हुए थे। ऐसे में यह अभियान उन लोगों के लिए अहम है, जो पात्र होने के बावजूद किसी कारण से सूची में जगह नहीं बना सके।
विशेष अभियान के दौरान संबंधित बीएलओ मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम 22 सितंबर को प्रकाशित अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची-2026 में नहीं है, वे शिविर में जाकर नामांकन प्रक्रिया की जानकारी ले सकते हैं और आवेदन जमा करा सकते हैं।
पुरानी और वर्तमान सूची का होगा मिलान
अभियान के तहत बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे। इससे उन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले सूची में थे, लेकिन अब नहीं हैं। एसआईआर के दौरान तैयार की गई अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की एएसडीडी सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी। इनके आधार पर संबंधित मतदाताओं की मौजूदा स्थिति का पता लगाया जाएगा।
बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे मदद
यह अभियान केवल मतदान केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगा। बीएलओ चिन्हित मतदाताओं की स्थिति जानने के लिए घर-घर भी जाएंगे। यदि कोई व्यक्ति पात्र पाया जाता है और उसका नाम वर्तमान मतदाता सूची में नहीं है, तो उसे फार्म-6 भरने में सहायता दी जाएगी। इससे पात्र नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया समझने और नाम जुड़वाने में मदद मिलेगी।
पहली बार वोट डालने वाले युवाओं पर भी फोकस
अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों, स्वीप गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
राजनीतिक दलों के बीएलए भी जुड़ेंगे
राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। उनके साथ बूथवार सूचियां साझा की जाएंगी, ताकि वे छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान और नामांकन में सहयोग कर सकें।
ऑनलाइन आवेदन और हेल्पलाइन की सुविधा
नागरिक ईसीआईनेट ऐप और पोर्टल के माध्यम से भी मतदाता सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा से बीएलओ से फोन पर सहायता मांगी जा सकती है। जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
कौन-सा फार्म किस काम आएगा?
फार्म-6: नए मतदाता के रूप में पंजीकरण या मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए।
फार्म-7: नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए।
फार्म-8: पता बदलने, विवरण में सुधार, ईपीआईसी बदलने या दिव्यांगता की स्थिति दर्ज कराने के लिए।