चंडीगढ़। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगने की आरोपी ‘द सैफायर कंसल्टेंट’ इमिग्रेशन कंपनी की संचालिका शालिका वाधवा निवासी मेन बाजार अबोहर (पंजाब) को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। लुकआउट नोटिस जारी होने के चलते नेपाल बॉर्डर के पास बिहार पुलिस ने गिरफ्तार कर महिला शालिका वाधवा को यूटी पुलिस को सौंपा। वहां से पुलिस शालिका वाधवा को चंडीगढ़ लेकर आई और अदालत में पेशकर रिमांड हासिल किया। पुलिस ने आरोपी से जांच जगुआर व मर्सिडीज बेंज जैसी महंगी गाड़ियां बरामद कर कब्जे में ली है। हालांकि, आरोपी से अभी पूछताछ जारी है।
जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से पुलिस सेक्टर-17/ए स्थित ‘द सैफायर कंसल्टेंट’ इमिग्रेशन कंपनी की संचालिका शालिका वाधवा सहित अन्य के खिलाफ कई लोगों को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला दर्ज हुआ था। इनमें पुलिस ने 6 जून 2023, 15 अप्रैल 2024, दो जुलाई 2024, 15 मई 2024 को सेक्टर-17 थाने और 21 मई 2024 व 28 जून 2024 को सेक्टर-34 थाने में धोखाधड़ी व इमिग्रेशन एक्ट में केस दर्ज किया गया था। इन सभी मामलों में आरोपी महिला व कई अन्य नामजद थे, जो केस दर्ज होने के बाद से फरार है। पुलिस ने आरोपी महिला शालिका वाधवा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके।
लुकआउट नोटिस के जरिए बॉर्डर पर पकड़ी गई आरोपी
महिला आरोपी शालिका वाधवा को पुलिस तलाश रही थी लेकिन इसी दौरान इमिग्रेशन चेक पोस्ट, रक्सौल, जिला-पूर्वी चंपारण, बिहार (नेपाल सीमा के पास) से यूटी पुलिस को एक मैसेज मिला। इसमें बताया गया था कि सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन चंडीगढ़ ती ओर से जिस महिला के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था, उसे हिरासत में लिया गया है। सूचना के आधार पर थाने की स्पेशल एक टीम बिहार के रक्सौल गई और 15 जुलाई को बॉर्डर पर स्थित बिहार पुलिस की चौकी से महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने रिमांड में बरामद की करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां
पुलिस ने आरोपी महिला की सबसे पहली गिरफ्तारी एफआईआर नंबर 187 दिनांक 6 दिसंबर 2023 में डाली और चंडीगढ़ लाने के बाद उसे 17 जुलाई को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया। इसके बाद आरोपी को 20 जुलाई को दोबारा अदालत में पेश कर एफआईआर नंबर 187/24 और एफआईआर नंबर 85/2024 के मामले में दो दिन का फिर रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान आरोपी की एक जगुआर कार 23 जुलाई को जब्त की गई। इसके अलावा उसे एफआईआर नंबर 123/2024 के तहत गिरफ्तार किया गया और उसका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। अदालत ने आरोपी को एक दिन का अतिरिक्त रिमांड बढ़ा दिया। रिमांड के दौरान आरोपी की एक अन्य लग्जरी कार मर्सिडीज बेंज को 25 जुलाई को जब्त किया गया। वीरवार को रिमांड खत्म होने पर आरोपी को फिर कोर्ट में पेश कर बुड़ैल जेल भेज दिया गया। पुलिस की ओर से इस मामले में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।