चंडीगढ़। सेक्टर-26 की ट्रांसपोर्ट सिग्नल लाइट पिछले एक सप्ताह से ट्रैफिक जाम का केंद्र बनी हुई है। 28/26 वाले रास्ते को बैरिकेडिंग लगाकर बंद किए जाने से पंचकूला की ओर से चंडीगढ़ आने वाले वाहन चालकों को इंडस्ट्रियल एरिया या बापूधाम कॉलोनी की ओर से घूमकर आना पड़ रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जब मौके पर दो घंटे तक स्थिति का जायजा लिया गया तो सामने आया कि रास्ता बंद होने से वाहनों का दबाव सेक्टर-26 अनाज मंडी की ओर बढ़ गया है। यहां पहले से ही बड़े ट्रक और ट्रांसपोर्ट वाहन खड़े रहते हैं, जिससे सामान्य दिनों में भी जाम की स्थिति रहती है। अब अतिरिक्त ट्रैफिक के कारण स्थिति और बिगड़ गई है।
सेक्टर-28 और इंडस्ट्रियल एरिया तक असर
अनाज मंडी से निकलने वाला ट्रैफिक बापूधाम के साथ-साथ सेक्टर-28 और इंडस्ट्रियल एरिया की ओर भी मुड़ रहा है। इससे इन इलाकों के निवासियों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है।
धूप में खड़े वाहन चालक, बार-बार बंद करनी पड़ रही गाड़ियां
लोगों ने बताया कि करीब एक किलोमीटर पहले से जाम लग जाता है। वाहन चालकों को घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ता है और बार-बार वाहन बंद-चालू करने पड़ते हैं। दुपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द रास्ता खोलने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।