चंडीगढ़। मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल चंडीगढ़ ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पीडब्ल्यूडी के बेलदार के परिजनों को 13 लाख 58 हजार 507 रुपये मुआवजा देने का फैसला सुनाया है। मुआवजे की राशि ऑटो चालक और ऑटो की बीमा कंपनी को अदा करनी होगी।
याचिकाकर्ता मौलीजागरां निवासी मृतक की पत्नी गुड्डू ने बताया था कि एक अक्तूबर 2018 को रघबीर अपने बेटे के साथ बाइक से सुबह सात बजे काम करने के लिए घर से निकला था। मृतक का बेटा अलग बाइक पर उसके पीछे-पीछे जा रहा था। जैसे ही वह 7.25 बजे कलाग्राम लाइट पर पहुंचा तो एक ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर घायल रघबीर की सेक्टर-32 जीएमसीएच में मौत हो गई। मनीमाजरा थाना पुलिस ने इस मामले में ऑटो चालक के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। याचिकाकर्ता ने दावा किया था कि रघबीर 18 हजार रुपये प्रति महीना कमाता था। इसके अलावा वह फास्ट फूड की दुकान लगाकर 17 हजार रुपये प्रति महीना कमाता था। मृतक की कमाई से उसके घर का खर्च चलता था। मृतक के परिजनों ने 35 लाख रुपये मुआवजे के लिए याचिका दायर की थी।