धर्मशाला से हरिद्वार जा रही सवारियों से भरी हिमाचल प्रदेश की एक वॉल्वो बस को बुधवार देर रात तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
विज्ञापन
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई सवारियां बस के क्षतिग्रस्त हिस्से में बुरी तरह फंस गईं थीं। करीब पौने घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस की मदद से बस में फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे में 12 यात्री घायल हुए थे। इनमें से चार को पीजीआई भेजा गया, जिनमें से एक की मौत हो गई जबकि बाकी का इलाज चल रहा है। हादसा फेज-छह स्थित न्यू बस स्टैंड के पास हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हादसा बुधवार रात साढ़े बारह से पौने एक बजे के बीच हुआ। हिमाचल प्रदेश की वॉल्वो बस धर्मशाल से हरिद्वार जा रही थी। हादसा फेज-छह स्थित नए स्टैंड के बिल्कुल सामने मोहाली गांव की तरफ जा रही सड़क पर हुआ। बस तेज रफ्तार जा रही थी तभी दूध का एक टैंकर फेज-एक थाने की तरफ से तेज रफ्तार में आया और लाइट प्वाइंट पर बस को जोरदार टक्कर मार दी।
विज्ञापन
इसके बाद बस बेकाबू होकर सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से जा टकराई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही सवारियां नींद में होने के चलते बस में फंस गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि लगा बम फटा हो। इसके बाद किसी ने सौ नंबर पर फोन किया, जिसके बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई और घायल यात्रियों को बस से निकालने की कवायद शुरू हुई।
टैंकर ने जिस साइड टक्कर मारी, उधर ही बैठा था विजय
Mohali Accident
- फोटो : अमर उजाला
करीब पौने घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बस से निकाला गया। हादसे में 12 लोग में घायल हुए थे, जिनमें से चार को पीजीआई रेफर कर दिया गया। इनमें से एक की पीजीआई में मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय कुमार (32) निवासी कांगड़ा के रूप में हुई है।
विजय मेट्रो होटल हरिद्वार में काम करते थे। वहीं, बस ड्राइवर हरविंदर सिंह निवासी लुधियाना, कंडक्टर राजिंदर कुमार निवासी मंगेवाल कांगड़ा और टैंकर का कंडक्टर जग्गी भी गंभीर घायल है जिनका पीजीआई में इलाज चल रहा है। अन्य घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देकर छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
टैंकर ने जिस साइड टक्कर मारी, उधर ही बैठा था विजय
जानकारी के मुताबिक कांगड़ा विजय कुमार बस में साइड वाली सीट पर बैठा हुआ था और टैंकर ने उसी की साइड बस में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद वह उछलकर आगे की ओर तेजी से गिरा, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया और पीजीआई में उसकी मौत हो गई।
वेरका कंपनी में ठेके पर लगा था टैंकर, केस दर्ज
जिस टैंकर से हादसा हुआ। उस पर वेरका लिखा हुआ था। ऐसे में पुलिस ने वेरका केे अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाया था लेकिन उन्होंने कहा कि उन्होंने दो टूक कह दिया कि टैंकर से उनका कोई लेना देना नहीं। बाद में जांच में पता चला कि टैंकर वेरका कंपनी में ठेके पर लगा हुआ था। ऐसे में पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कैबिनेट मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना जैसे ही कैबिनेट मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी को मिली, वह भी घटना स्थल पर पहुंचे और हादसे में मारे गए युवक की मृत्यु पर शोक जताया।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
यह पहला मौका नहीं है, इससे पहले भी हिमाचल की वॉल्वो बस हादसे की शिकार हुई है। कुछ समय पहले सेक्टर-45 चंडीगढ़ में हादसा हुआ था। उस समय भी कई लोगों की जान गई थी।