चंडीगढ़। एक सप्ताह पहले डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड मोड़ के पास रेहड़ी पर मूंगफली बेच रहे व्यक्ति से बाइक सवार दो युवक मोबाइल झपटकर फरार हो गए थे। मामले में मलोया थाना पुलिस ने एक आरोपी को मोहाली से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है। मोहाली निवासी 19 वर्षीय आरोपी हरप्रीत को पुलिस ने शुक्रवार को जिला अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब दूसरे साथी के बारे में आरोपी से पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि पुष्पिंदर पाल मोहाली फेज-एक के खोखा बाजार स्थित मकान नंबर-332 में रहता है। बीते 7 जनवरी को वह डड्डूमाजरा के डंपिंग ग्राउंड मोड़ के पास मूंगफली बेच रहा था। तभी बाइक सवार दो युवक उसका मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में आरोपी से अब तक मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और वह मजदूरी का काम करता है।