मनीमाजरा। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में चपरासी की नौकरी दिलवाने के नाम पर महेंद्रगढ़ के युवक से डेढ़ लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीडि़त से रुपये लेने के बाद आरोपी महिला ने फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी दीपक की शिकायत पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने महेंद्रगढ़ की ही रहने वाली आकृति यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आकृति यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पॉस्को कंपनी बावल में ट्रॉलिंग हेल्पर है। तीन महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती आकृति यादव से हुई। आकृति ने बताया कि वह पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में नौकरी करती है। आकृति ने बताया कि साल 2024 में हाईकोर्ट में क्लर्क और चपरासी की भर्ती हुई थी जिसमें कुछ उम्मीदवार कम रह गए थे। वह उसे नौकरी पर लगवा सकती है। इसके बाद आकृति को कागजात भेज दिए। इसके बदले आकृति ने डेढ़ लाख रुपये मांगे थे। 27 जून 2025 को आकृति यादव ने वीडियो कॉल पर जॉइनिंग लेटर दिखाया। चार जुलाई को हाईकोर्ट पहुंचकर उसने आकृति को फोन किया। आकृति ने हाईकोर्ट की कैंटीन में बुलाया और जॉइनिंग लेटर दिया। जब उसे लेटर पर शक हुआ तो मामले की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नौकरी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये लेने वाली आकृति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।