चंडीगढ़। दो दिन पहले कजहेड़ी में ऑटो चालक पर नुकीले हथियार, डंडे और लात-घूंसों से हमला करने के एक आरोपी को सेक्टर-61 चौकी पुलिस ने वीरवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कजहेड़ी निवासी अमित (22) है, जबकि मामले में मुख्य आरोपी बोथा समेत अन्य अभी भी फरार हैं। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने बोथा समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस को दी शिकायत में ऑटो चालक सुमन कुमार ने बताया था कि वह कजहेड़ी निवासी है। मंगलवार रात वह केके होटल के पास खड़ा था। इसी बीच बोथा अपने तीन दोस्तों समेत उसके पास आया। उन लोगों ने नशा कर रखा था। बोथा ने बोलो कि उसने उसके दोस्त को थप्पड़ क्यों मारा है। मना करने पर युवक बहस करने लगे। आरोपियों ने नुकीले हथियार, डंडे और लात घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। आसपास के लोगों के जमा होते देख आरोपी फरार हो गए थे। इसके बाद से पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।