डेराबस्सी। मुबारकपुर कॉजवे पर एक बार फिर बढ़ते जलस्तर के कारण मंगलवार दोपहर को प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से यातायात पूरी तरह बंद कर दिया। लगातार हो रही बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण कॉजवे के ऊपर से पानी बहने लगा। इससे दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया। प्रशासन ने लोगों से दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है, लेकिन इससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ लोगों में रोष भी देखा जा रहा है। इलाके के निवासियों का कहना है कि हर साल बारिश के दिनों में यही स्थिति बनती है, लेकिन कॉजवे की ऊंचाई बढ़ाने या स्थायी मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता है। कुछ दिन पहले डीसी मोहाली ने विशेष तौर पर दौरा कर यहां पुल बनाकर काजवे की ऊंचाई बढ़ाकर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था।