यूटी ट्रैफिक पुलिस जल्द ही चंडीगढ़ के लोगों के लिए ऑन दी स्पॉट चालान भरने की सुविधा शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही चालानिंग ब्रांच में पुलिस कार्ड स्वैप मशीन भी लगवाएगी। चालान भरने के लिए कार्ड स्वैप कर चालान का भुगतान हो जाएगा।
यूटी पुलिस जनवरी से ये सारी सुविधाए शुरू कर सकती है। सेक्टर 29 ट्रैफिक लाइन में जाकर चालान भरने के लिए लंबी लंबी लाइनों में खड़े होकर चालान भरना बीते दिनों की बात हो जाएगी।
डीएसपी ट्रैफिक राजीव अंबास्ता ने कहा कि ऑन दी स्पॉट चालान भरने की सुविधा जनवरी से शुरू हो सकती है। इसके लिए अधिकारियों से बात चल रही है। इस पर फाइनल प्रपोजल बनाया जा रहा है और उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। अभी तक सिर्फ बाहर से आने वाहनों के चालान ऑन दी स्पॉट भरे जाते हैं।
इस स्कीम के शुरू होने के लोकल लोगों के चालानों का निपटारा ऑन दी स्पॉट हो जाएगा। साथ ही चालानिंग ब्रांच में कार्ड स्वैप मशीन भी लगवाई जाएगी। जिसके लिए एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों से भी बात हुई है।
पुलिस का कहना है कि अगले साल से ट्रैफिक लाइन में ये दोनों सुविधाएं शुरू कर दी जाएंगी। इन पर पिछले काफी महीनों से काम चल रहा है।