पंचकूला। शहर के सेक्टर-3 ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योनेक्स-सनराइज सेकेंड अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सब जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें चौथे दिन बुधवार को अंडर-15 और 17 आयुवर्ग के लड़के-लड़कियों के सिंगल और मिक्स डबल्स के रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने जीत हासिल करने के लिए जमकर दमखम दिखाते हुए पसीना बहाया। इस दौरान खेल का स्टेडियम तालियों से गूंजता रहा। इस दौरान लड़कों के 15 वर्ष आयु वर्ग के सिंगल्स जम्मू के गोपेश सिंह और राजस्थान के मानस परवल के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें गोपेश सिंह ने 15-12,13-15, 15-9 से जीत दर्ज की। वहीं, कर्नाटक के हार्दिक दिव्यांश ने तमिलनाडु के रोहित शिवप्रकाश को हराया। वहीं, अंडर -17 मिक्स डबल्स के मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें गुजरात के उर्व पटेल और प्रियांशी राठौड़ की जोड़ी ने नीरज गर्ग और सृष्टि डोभाल की जोड़ी को हरा दिया। शौर्य किरण और कीर्ति मनचला की जोड़ी ने हरीश राघवेंद्रन, सुष्मिता की जोड़ी को हा दिया। वहीं, अन्य मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।