चंडीगढ़। किसान आंदोलन के एक वर्ष पूरा होने पर चंडीगढ़ से किसान और उनके समर्थक 26 नवंबर को दिल्ली बॉर्डर पर जाएंगे। इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूूनी) के चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष किरपाल सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में संगत दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर जाएगी। यहां किसान एक वर्ष से तीनों कृषि कानूनों को रद्द करवाने, एमएसपी पर गारंटी कानून सहित अन्य मांगों के लिए बैठे हैं। पीएम की ओर से श्री गुरु नानकदेव जी के प्रकाश पर्व पर तीनों कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की घोषणा के बाद किसानों में खुशी है। लोग दिल्ली बॉर्डर पर जाने की तैयारी में हैं। किरपाल सिंह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से जो भी आदेश होगा उसका पालन होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से संसद से कानून पास हुआ है, उसी प्रकार संसद में कानून रद्द होने पर ही खुशी मनाएंगे। उन्होंने बताया कि संगत में काफी उत्साह है। संगत की ओर से दिल्ली बॉर्डर पर पीने के पानी की बोतलें और लंगर का सामन लेकर जाएंगे।