दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम को टोहाना में एक ऐसा उपभोक्ता मिला है जो शायद पूरे प्रदेश के बिजली के बिल का घाटा वहन कर सकता है। निगम द्वारा इस उपभोक्ता को भेजे गए बिल के अनुसार उसका बिजली का बिल पौने 18 अरब है जो शायद प्रदेश में सबसे ज्यादा है।
हालांकि यह उपभोक्ता कोई रईस या उद्योगपति नहीं है। साधारण दुकानदार है। इस बिल से परेशान अशोक कुमार बिल ठीक करवाने के लिए बिजली निगम के चक्कर काटकर तंग आ चुका है, लेकिन निगम के बाबू हैं कि बिल ठीक नहीं कर रहे। बड़ी बात यह है कि इस घर के बिजली की रीडिंग दो महीने की 847 यूनिट ही है।
टोहाना के रामनगर निवासी अशोक कुमार ने बताया कि बिजली निगम ने दो महीने का बिजली का 17 अरब 76 करोड़ 675 रुपये का बिल थमा दिया। बिल को देखकर अशोक कुमार भी हैरान रह गया। वह कई बार निगम के चक्कर काट चुका है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।