चंडीगढ़। एस्टेट ऑफिस ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए आंतरिक शिकायत समिति (इंटरनल कंप्लेंट कमेटी) का पुनर्गठन किया है। इस संबंध में नई समिति का गठन करते हुए पांच सदस्यों को शामिल किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार लॉ ऑफिसर मोनिका गोयत को समिति की प्रेसीडिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। सीनियर असिस्टेंट साक्षी रानी को सदस्य-सह-नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि सीनियर असिस्टेंट धर्मेंद्र को सदस्य और सीनियर असिस्टेंट संगीता साहनी को सदस्य-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा नीना सिंह को बाहरी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, ताकि समिति की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह समिति कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित की गई है। समिति का मुख्य कार्य यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की गोपनीय जांच करना और नियमानुसार उचित कार्रवाई की सिफारिश करना होगा।