चंडीगढ़। भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज आज (रविवार) से होगा। सीरीज का पहला मुकाबला आईएस बिंद्रा पीसीए क्रिकेट स्टेडियम, मोहाली में दोपहर दो बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे 23 सितंबर को सुबह नौ बजे और तीसरा व अंतिम वनडे 25 सितंबर को दोपहर दो बजे शुरू होगा। तीनों मुकाबले मोहाली में ही आयोजित किए जाएंगे।
वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच एक मल्टी-डे मुकाबला भी खेला जाएगा। यह मैच 29 सितंबर से धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। सीरीज को युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे पहले भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज पीसीए इंटरनेशनल स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ में खेली गई थी। उस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत-ए को 3-0 से हराया था। अंतिम टी-20 मुकाबले में भी भारतीय टीम को करीबी संघर्ष के बाद सात रन से हार का सामना करना पड़ा था।
अब भारतीय टीम वनडे सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर टी-20 सीरीज की हार का हिसाब चुकाने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया-ए अपनी जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करेगी। संवाद