जगरांव कांग्रेस की ओर से नगर काउंसिल चुनावाें की रणनीति तैयार करने को लेकर रखी बैठक जंग का मैदान बन गई। बैठक में कुछ नेताओं ने महिला आब्जर्वर को इलाके से बाहर का बताकर भाषण नहीं देने दिया। बैठक में पूर्व विधायक एवं हलका इंचार्ज गुरदीप सिंह भैणी एवं प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मेजर सिंह भैणी भी उपस्थित थे। उन्होंने पहले महिला आब्जर्वर को बोलने न देने, उनका विरोध करने और उनको इलाके से बाहर का बता बायकाट करने के एपिसोड की मंच से निंदा की।
शनिवार को पूर्व विधायक गुरदीप भैणी के नेतृत्व में बाग खत्ता राम में नगर काउंसिल के चुनावों की तैयारी को लेकर शुरू हुई बैठक में आब्जर्वर बीबी गुरदर्शन कौर बोलने उठी तो कांग्रेसी नेता प्रीतम सिंह अखाड़ा, अजमेर सिंह, अजमेर सिंह सीविया ने उनका विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीबी इलाके से बाहर की नेता हैं और बैठक में बिना मतलब पहुंच गई हैं।
नेताओं ने यहां तक आरोप मढ़ा कि वे अपना अलग धड़ा बना कर कांग्रेस में गुटबाजी को बढ़ावा दे रही हैं। इस पर बीबी गुरदर्शन कौर ने एक नेता का नाम लेकर उनको जानबूझ कर धमकाने और उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों तरफ के नेता एक दूसरे पर आरोप लगाने लगे।
मैं पाकिस्तान से नहीं आई : गुरदर्शन कौर
आब्जर्वर बीबी गुरदर्शन कौर ने विवाद और उनका विरोध करने वालों को साफ किया कि वे पाकिस्तान से नहीं आईं हैं। वे बाहरी नहीं हैं। पार्टी ने उनको आब्जर्वर नियुक्त किया है और वे अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभाएंगी। बैठक में दो तीन लोगों ने ही उनके खिलाफ साजिश के तहत विवाद खड़ा किया। उनको इसका कोई दुख नहीं है। नगर काउंसिल चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत के लिए वे नेताओं के साथ मिल कर प्रचार करेंगी।