पंजाब प्रदेश कांग्रेस के नव-नियुक्त प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह का ताजपोशी समागम भी यादगार बनाया जाएगा। वह प्रदेश कांग्रेस भवन, चंडीगढ़ में आम प्रधानों की तरह पदभार नहीं संभालेंगे। बल्कि, बठिंडा में रैली के दौरान ही कैप्टन की ताजपोशी होगी।
इसी बीच, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें पंजाब की जिम्मेदारी सौंपने पर धन्यवाद दिया। सुखबीर बादल ने पिछले दिनों अकाली दल की सद्भावना रैली के दौरान कैप्टन को चुनौती दी थी।
सुखबीर ने कहा था कि कैप्टन में दम है तो इस जगह पर इससे बड़ी रैली करके दिखाएं। कैप्टन ने अगले ही दिन उनकी चुनौती स्वीकार कर बठिंडा में शिअद से बड़ी रैली करने का एलान किया था। अब उसी बठिंडा रैली में कैप्टन की ताजपोशी होगी।
फैसला शनिवार को कैप्टन से मिलने पहुंचे पंजाब के उनके करीबी नेताओं की बैठक में लिया गया है। कैप्टन गुट ने कहा कि ताजपोशी में पूरे पंजाब से लोगों का सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। इतने ज्यादा लोग चंडीगढ़ के कांग्रेस भवन में नहीं आ सकते। इसलिए बठिंडा रैली के दौरान ही कैप्टन की ताजपोशी होगी।
रैली की तारीख का एलान भी जल्द कर दिया जाएगा। इससे पहले कैप्टन अमरिंदर दो दिसंबर को प्रधान बनने के बाद पहली बार पंजाब आएंगे। वह दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर और श्री रामतीर्थ में माथा टेकेंगे। कैप्टन फिलहाल दिल्ली में हैं। दो दिनों से उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
शनिवार को भी पंजाब से उनके कई करीबी विधायक और अन्य नेता दिल्ली उन्हें बधाई देने पहुंचे। इस दौरान भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही बठिंडा रैली को कामयाब बनाने को लेकर भी कैप्टन के नजदीकियों ने मंथन किया।