मोहाली में एनआरआई युवक के शादी से इन्कार करने पर युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी है। युवती और युवक की 31 जनवरी को शादी तय थी। परिजनों का आरोप है कि युवक के शादी से एक महीने पहले रिश्ता तोड़ने से आहत 29 वर्षीय युवती ने खुदकुशी करने का कदम उठाया। युवती मूलरूप से हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी की रहने वाली थी। वह सेक्टर-68 में पिछले आठ साल से किराये पर रह रही थी। फेज-8 थाना पुलिस ने मृतक युवती के भाई की शिकायत पर जिला कपूरथला के आदर्श नगर के रहने वाले आशीष के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी लखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी फरार है।
भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन मोहाली की एक आईटी कंपनी में नौकरी करती थी। सेक्टर-68 में किराये पर रहती थी। युवक और युवती पिछले चार साल से रिलेशनशिप में थे। इसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी। अब आशीष पिछले एक साल से कनाडा में रह रहा है। चार महीने पहले ही वह कनाडा से आया था। आशीष के माता-पिता शादी के लिए बार-बार कह रहे थे, इसलिए उनका परिवार भी राजी हो गया। शादी की तारीख 31 जनवरी 2024 तय हुई थी। आशीष बहन को कनाडा ले जाने को कहता था और नौकरी भी छुड़वा दी। अब जब शादी की तारीख नजदीक आ रही थी मगर वह टालमटोल करने लगा था।
28 दिसंबर को शादी से किया इन्कार
बीते 28 दिसंबर को आशीष ने युवती से शादी करने से इन्कार कर दिया। वह उसे रिश्ता तोड़ने का दवाब बनाने लगा। शाम करीब चार बजे युवती ने अपनी मां को फोन कर बताया कि आशीष ने शादी से इन्कार कर दिया है। इसके बाद रोते हुए फोन काट दिया। इसके बाद परिजन युवती को फोन करते रहे लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद युवती का भाई और मौसा वहां से मोहाली के लिए रवाना हो गए। वे रात करीब 10 बजे सेक्टर-68 पहुंचे तो कमरे की कुंडी अंदर से लगी थी। दरवाजा खटखटाया तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने मकान मालिक को साथ लेकर कमरे की कुंडी तोड़ दी। अंदर जाकर देखा तो युवती फंदे पर लटक रही थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।