अगले माह से सेक्टरों में हफ्ते में दो दिन मंडी लगेगी। अप्रैल के पहले सप्ताह से सेक्टरों में लगने वाली अपनी मंडी की तरह मार्केट कमेटी भी मंडी लगाएगी। इसके लिए संपदा विभाग और नगर निगम ने शुक्रवार को अपनी क्लीयरेंस दे दी।
नवनियुक्त सलाहकार परिमल राय औपचारिक तौर पर इस मंडी का उद्घाटन करेेंगे। इस समय शहर में अपनी मंडी पंजाब मंडी बोर्ड लगाता है। इस समय पंजाब मंडी बोर्ड द्वारा प्रतिदिन शहर में अलग अलग जगह मंडी लगाई जाती है। मार्केट कमेटी के अनुसार पंजाब मंडी बोर्ड अभी जिस दिन जहां पर अपनी मंडी लगता है, मार्केट कमेटी उसी जगह फीस चार्ज करके तीसरे दिन अपनी मंडी लगाएगी।
कहां
पंजाब मंडी बोर्ड-------मार्केट कमेटी
सेक्टर-45----------सोमवार, वीरवार
सेक्टर-39, धनास----मंगलवार, शुक्रवार
सेक्टर-15,40-------बुधवार, शनिवार
राम दरबार----------वीरवार, रविवार
सेक्टर-46----------शुक्रवार, सोमवार
सेक्टर-43----------शनिवार, मंगलवार
सेक्टर-34---------रविवार, बुधवार
खुद फीस चार्ज करेगी कमेटी
जो मार्केट कमेटी की ओर से अपनी मंडिया लगाई जाएंगी, उनमें विक्रेताओं और जमींदारों से खुद कमेटी शुल्क चार्ज करेगी जबकि जो पंजाब मंडी बोर्ड की ओर से मंडिया लगाई जाती है उनमे लगने वाले डे मार्केट में नगर निगम की ओर से शुल्क इकट्ठा करने के लिए ठेकेदार नियुक्त किए गए हैं।
वाहनों के लिए जगह हो जाएगी कम
मार्केट कमेटी ने सेक्टर-26 मंडी में अतिक्रमण हटाकर फड़ी वालों को तीन प्रमुख पार्किंग मे सुबह और शामं शिफ्ट करने का प्रस्ताव पास करके प्रशासन को भेजा है लेकिन इसका आढ़ती और मनोनीत पार्षद एमपी कोहली ने इसका विरोध किया है। कोहली का कहना है कि पहले से पार्किंग की काफी किल्लत है। पार्किंग स्थल में फड़ी वालों को शिफ्ट करने से दिक्कत और बढ़ जाएगी।
राम वीर भट्टी, चेयरमैन, मार्केट कमेटी ने बताया कि डीसी ने मंजूरी दे दी है। कमेटी की मंडियों को अप्रैल के पहले सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा। उनका कहना है कि जमींदारों से 30 और विक्रेताओं को फड़ी लगाने के बदले में 60 रुपये वसूल किए जाएंगे।