चंडीगढ़। चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट काॅरपोरेशन (सिटको) के होटल्स में कम ऑक्यूपेंसी और कमाई में कमी के मद्देनजर अब मेहमानों के अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। मंगलवार को आयोजित बोर्ड मीटिंग में सिटको ने तय किया है कि होटल्स की मौजूदा तय छूट नीति के स्थान पर अब सीजन के अनुसार किराए की दरें तय की जाएंगी। इसके अनुसार छुट्टियों के महीनों में या न्यू ईयर के समय सिटको के होटलों के दाम ज्यादा होंगे लेकिन ऑफ सीजन में सामान्य से रेट कम हो सकते हैं जबकि पहले पूरे साल एक ही रेट होते थे।
सिटको के चेयरमैन अजय चगती की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक हुई। सिटको के एक अधिकारी ने बताया कि सेवा गुणवत्ता सुधार के लिए सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों से आने वाले मेहमानों के फीडबैक को आधार बनाया जाएगा। साथ ही सिटको के होटलों की सोशल मीडिया पर मौजूदगी को भी बढ़ाया जाएगा ताकि अधिक ग्राहक आकर्षित हो सकें। सिटको के बोर्ड ने सेक्टर-10 के होटल माउंट व्यू और सेक्टर-17 होटल शिवालिक व्यू के कमरों के नवीनीकरण को भी मंजूरी दी है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि समय पर बिलिंग और पेमेंट कलेक्शन के लिए एक क्रेडिट पॉलिसी की आवश्यकता है, ताकि कॉन्फ्रेंस के बाद के विवादों से बचा जा सके।
सिटको के होटलों को रेसिडेंशियल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख स्थल के रूप में बढ़ावा देना और बैंक्वेट सेवाओं में सुधार करने का भी फैसला लिया है। बता दें कि प्रशासक ने हाल ही में सुझाव दिया था कि मुनाफे को बढ़ाने के लिए सिटको को अपने होटलों की ऑक्यूपेंसी बढ़ानी होगी, जिसके लिए निजी होटलों की तरह डायनामिक प्राइसिंग को अपनाने पर विचार किया जाना चाहिए।
प्राइम लोकेशन का फायदा उठाकर लोगों को आकर्षित करने का सुझाव
हाल ही में सिटको के अधिकारियों ने केरल का दौरा किया था। बैठक के दौरान उन रिपोर्ट्स को भी प्रस्तुत किया गया। निजी होटलों से प्रतिस्पर्धा के कारण सितंबर में हुई समीक्षा बैठक में सिटको को अपने प्रदर्शन में सुधार के निर्देश दिए गए थे। पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने सिटको को सुझाव दिया कि वह अपने होटलों की यूनिक लीगेसी और शहर के प्रमुख जगहों पर मौजूद होने का फायदा उठाकर लोगों को अपनी सेवाओं की ओर आकर्षित करे। उन्होंने अन्य सिटको संपत्तियों, जैसे सुखना लेक पर स्थित प्रॉपर्टीज आदि को भी बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था, जिससे अधिक लोग आकर्षित हो सकें।