लंबे समय से सीटीयू की बसों में ऑनलाइन सीट बुकिंग सर्विस देने की मांग हो रही थी। एसी बस आने के बाद इसकी जरूरत और ज्यादा बढ़ गई थी। यह ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफार्म केवल एसी बसों के लिए ही होगा। ऑर्डिनरी बसों की काउंटर से या बस में ही टिकट मिलेगी। ऑनलाइन बुकिंग के लिए पैसेंजर्स से एक्स्ट्रा चार्ज भी लिया जाएगा।
यह एक्स्ट्रा चार्ज कितना होगा, अभी यह स्पष्ट नहीं किया है। ऑनलाइन सुविधा हो जाने से पेमेंट के साथ ही इससे यात्रियों को बसों की टाइमिंग का भी पता चल जाएगा। इससे यात्रियों को बस के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सीटीयू ने लंबी दूरी के लिए चलने वाली एसी और नॉन एसी बसों के किराये में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इससे सीधे आम जनता की जेब पर असर पड़ेगा। 8 जनवरी को यूटी सचिवालय में हुई एक बैठक में किराया बढ़ाने के प्रस्ताव को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मंजूरी दी थी।
गौरतलब है कि सीटीयू ने लंबे समय से किराये में बढ़ोतरी नहीं की थी, जबकि पंजाब और हरियाणा सहित अन्य रोडवेज कई बार किराया बढ़ा चुके थे। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के सामने ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी एके सिंगला ने बढ़े किराये पर बातचीत की और लोकल रूट पर सीटीयू को हो रहे घाटे के बारे में जानकारी दी। बता दें कि सीटीयू को लंबी दूरी की बसों में लाभ हो रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर चलने वाली बसों में प्रति किलोमीटर करीब 35 रुपये का घाटा पड़ रहा है।