चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस और भाजपा नेताओं को पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल आने लगे हैं। इन धमकियों के पीछे की सच्चाई क्या है, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है लेकिन नेताओं ने एसएसपी चंडीगढ़ को शिकायत सौंपकर सुरक्षा की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की को जहां मंगलवार को धमकी भरी कॉल आई वहीं प्रदेश भाजपा सचिव संजीव राणा को 19 मार्च को ऐसी कॉल आई थी।प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की ने एसएसपी चंडीगढ़ को सौंपी शिकायत में कहा है कि वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष होने के साथ लोकसभा टिकट के दावेदार भी हैं। मंगलवार सुबह उन्हें व्हाट्सएप पर पाकिस्तान के नंबर से दो कॉल आईं। कॉल करने वाले ने पंजाबी में कहा- लक्की पुत बोलदा नहीं- कोई न तेरा इलाज कर देयांगे। इसके बाद एक और कॉल उसी नंबर से आई, जिसे उन्होंने नहीं उठाई। उन्होंने बताया कि इससे पहले डिप्टी मेयर के चुनाव के दौरान भी उन्हें पाकिस्तान के एक नंबर से कॉल आई थी, जिसमें धमकी देने वाला उनके बेटे के बारे में पूछ रहा था। लक्की ने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
दूसरी ओर भाजपा प्रदेश सचिव संजीव राणा को 8 दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी थी, जिसे लेकर आज तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। संजीव राणा ने बताया कि 19 मार्च को उन्हें व्हाट्सएप पर धमकी भरी फोन कॉल आई थी, इस संबंध में उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। हालांकि अभी तक सिर्फ इतना ज्ञात हुआ है कि जिस मोबाइल नंबर से उन्हें 19 मार्च की सुबह करीब 8.20 बजे कॉल की गई थी वह पाकिस्तान का है।
बहरहाल, यह धमकी किसी की शरारत है या असल में पाकिस्तान से धमकी दी गई है, इस बात का खुलासा नहीं हो सका है। अभी इसकी जांच होनी है। संजीव ने बबताया कि व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत के दौरान कॉल करने वाले व्यक्ति ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और बीच-बीच में कई बार बातचीत के दौरान धमकी भी दी थी। भाजपा नेता ने इस बात को लेकर रोष जताया है कि संबंधित आरोपी व्यक्ति पर अभी तक ठोस कार्रवाई के नाम पर सिर्फ जांच की जा रही है, जबकि इस तरह के तत्व सक्रिय होकर लोगों में दहशत पैदा करने का काम कर रहे हैं।