डोर स्टेप डिलीवरी में 363 और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को किया शामिल, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने की शुरुआत
ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस वेरिफिकेशन और पासपोर्ट संबंधी आवेदन अब घर बैठे कर सकेंगे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब के प्रशासनिक सुधार मंत्री अमन अरोड़ा ने वीरवार को भगवंत मान सरकार, तुम्हारे द्वार योजना में 363 और नागरिक-केंद्रित सेवाएं शामिल कर इसका विस्तार किया है। इससे अब सेवा केंद्रों के माध्यम से दी जाने वाली 406 सेवाएं नागरिक अपने घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे, जिनमें ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस वेरिफिकेशन और पासपोर्ट संबंधी आवेदन आदि शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने मगसीपा में मोटरसाइकिल पर तैनात सेवा सहायकों को हरी झंडी दिखाने के बाद इसकी शुरुआत की। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर, 2023 को 43 सेवाओं के साथ यह योजना शुरू की गई थी। अब उपलब्ध सेवाओं में ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आवेदन, पुलिस वेरिफिकेशन, यूटिलिटी कनेक्शन, जिला अधिकारियों से एनओसी, किरायेदार की वेरिफिकेशन और कई अन्य सेवाएं शामिल हैं। 363 और सेवाओं के विस्तार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आवश्यक सरकारी सेवाएं नागरिकों को बिना किसी देरी या अनावश्यक कागजी कार्रवाई के प्रदान की जा सकें।
अमन अरोड़ा ने कहा कि दो वर्षों में राज्य सरकार ने सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और रिकॉर्ड को डिजिटलाइज करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अब तक 77 लाख से अधिक प्रमाण पत्र डिजिटल रूप में वितरित किए जा चुके हैं और नागरिक अब सरकारी प्रमाण पत्र सीधे अपने मोबाइल फोन पर प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बच रहा है। इसके अलावा पटवारियों, सरपंचों, नंबरदारों और नगर निगम अधिकारियों द्वारा आवेदनों को ऑनलाइन प्रोसेस किया जा रहा है, जिससे सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित किया गया है। पटवारियों द्वारा 9 लाख से अधिक आवेदन ऑनलाइन प्रोसेस किए गए हैं। मंत्री अरोड़ा ने कहा कि दिल्ली में आप पार्टी ही अपनी सरकार बनाएगी और परिणाम से यह साफ हो जाएगा।