नगर एवं आयोजना विभाग ने जारी की ईडीसी की अधिसूचना
चंडीगढ़। हरियाणा के शहरों में अब वैध काॅलोनियों में मकान-फ्लैट व प्लॉट खरीदना अब और महंगा हो जाएगा। नगर एवं आयोजना विभाग ने आठ साल बाद बाह्य विकास शुल्क (ईडीसी) में एक साथ 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। साथ ही हर साल अप्रैल में ईडीसी में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। ऐसे में बिल्डर और डेवलपर इस बढ़े शुल्क के बदले फ्लैट और प्लाॅट के रेट बढ़ाएंगे, जिसका सीधा असर यहां प्लाॅट खरीदने वालों पर पड़ेगा। इस संबंध में नगर एवं आयोजना विभाग के निदेशक अमित खत्री ने बढ़ी हुई ईडीसी को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। ईडीसी वसूली के लिए पूरे हरियाणा को छह जोन में बांटा गया है, जबकि पंचकूला में अलग से दरें निर्धारित की गई हैं। हाइपर पोटेंशियल जोन में शामिल गुरुग्राम और हाई पोटेंशियल जोन-1 क्षेत्र में शामिल फरीदाबाद, सोहना और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र में सर्वाधिक ईडीसी देनी होगी। सोनीपत-कुंडली और पानीपत को हाई पोटेंशियल जोन-2 में रखा गया है, जहां अपेक्षाकृत कम ईडीसी चुकानी होगी।