मनीमाजरा। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया की ओर से शुक्रवार को लगाए गए समाधान शिविर में मनीमाजरा के मकानों की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) का मुद्दा प्रमुखता से उठा। लोगों ने बताया कि लंबे समय से अटकी एनओसी की फाइलें अब निकाली जा रही हैं। उन्होंने संयुक्त आयुक्त बलबीर राज सिंह और अधीक्षक डीपी सिंह की पहल की सराहना की। प्रशासक ने बलबीर राज सिंह को मंच पर बुलाकर उनके काम की प्रशंसा की और कहा कि अच्छे काम करने वाले अधिकारियों का जनता को हौसला बढ़ाना चाहिए। इससे अधिकारियों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने अधिकारियों को अपनी टीम बताते हुए लोगों से सभी के सम्मान में तालियां बजाने को कहा।
कॉलेज, स्कूल से लेकर पानी-सफाई तक उठे मुद्दे
लोगों ने कॉलेज और स्कूल बनाने, कच्चे रास्ते पक्के करने, सीवरेज ओवरफ्लो, नई पानी की लाइन, स्मार्ट मीटर के बिजली बिल, आवारा पशुओं और बहुमंजिला पार्किंग की समस्याएं उठाईं। बच्चों के खेल मैदान, बुजुर्गों की पेंशन, अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट और आपातकाल में डॉक्टर उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। पाकेट नंबर आठ में मकान तोड़ने और सुभाष नगर मंदिर से जुड़ी शिकायत पर प्रशासक ने समाधान का भरोसा दिया। पूर्व मेयर सुरेंद्र सिंह और दुकानदार श्याम सिंह ने दुकानदारों को भेजे जा रहे नोटिस का मुद्दा उठाया। लंबरदार अंतरजोत सिंह ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत रखी। शिविर में अधिकारियों ने मौके पर जवाब दिए। एसएसपी कंवरदीप कौर ने पुलिस संबंधी मामलों पर जानकारी दी। मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एसएस परवाना, पार्षद दर्शना रानी और सरबजीत कौर ने भी समस्याएं रखीं। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुरजीत सिंह राजा ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा राज कौर साहिब के साइन बोर्ड की मांग की। कटारिया ने कहा कि जिनकी समस्या रह गई है, वे बुधवार को उनसे मिल सकते हैं।