पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को दी सख्त चेतावनी
दोबारा से बनाई जाने वाली सड़कों को लेकर अधिकारियों से मांगा पूरा ब्योरा
चंडीगढ़। हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी है। गंगवा ने साफ कहा कि निर्माण सामग्री के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अगर किसी अधिकारी और एजेंसी ने ऐसा किया तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। गंगवा यहां बुधवार को प्रेसवार्ता कर रहे थे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, मंत्री पद संभालने के बाद उनकी प्रदेश में सड़कों के नए प्रोजेक्टों और सड़कों की मरम्मत को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गड़करी से विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने कहा, केंद्रीय परिवहन मंत्री ने हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया है। जल्द ही विभिन्न प्रोजेक्टों की रिपोर्ट तैयार कर उनसे अनुमति लेकर काम किया जाएगा।
गंगवा ने कहा, अधिकारियों से प्रदेशभर की उन सभी सड़कों की रिपोर्ट मांगी गई है, जिनका पुनर्निर्माण होना है या नए सिरे से बनाई जानी हैं। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अफसरों के खिलाफ भी सख्त एक्शन लिया जाएगा। इसके अलावा शहरों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए योजना बनाकर काम किया जाएगा। कहा, हिसार में रिंग रोड बनाया जाएगा, जिससे आम जन को लाभ मिलेगा।